उत्तराखंड में आज से मदरसा बोर्ड खत्म, धामी सरकार ने लागू की नई शिक्षा प्रणाली
उत्तराखंड में आज से मदरसा बोर्ड खत्म, धामी सरकार ने लागू की नई शिक्षा प्रणाली

उत्तराखंड की राजनीति और शिक्षा व्यवस्था में 1 जुलाई 2026 यानी आज एक ऐतिहासिक तारीख बन गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के सबसे चर्चित और बड़े फैसलों में से एक ये आज पूरी तरह लागू हो गया।
आज से उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड का औपचारिक रूप से अंत हो गया है और उसकी जगह उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरणभी (USMEA) ने कामकाज संभाल लिया है। इसके साथ ही राज्य में मदरसों और अन्य अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों की पूरी व्यवस्था अब नई प्रणाली के तहत संचालित होगी।
धामी सरकार इस फैसले को शिक्षा सुधार, समान अवसर और मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ रही है। वहीं राजनीतिक जानकार इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार का एक बड़ा मास्टरस्ट्रोक भी मान रहे हैं। सरकार का मानना है कि इससे अल्पसंख्यक समाज के बच्चों को भी आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा, जबकि भाजपा इसे अपने ‘समान शिक्षा और समान अवसर’ के संकल्प का हिस्सा बता रही है।
देश में नई मिसाल बना उत्तराखंड
उत्तराखंड उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है, जिसने अलग मदरसा बोर्ड की व्यवस्था समाप्त कर सभी अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के लिए एक समान नियामक व्यवस्था लागू की है। धामी सरकार का दावा है कि यह कदम शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा
आज से क्या-क्या बदल गया?
1 जुलाई यानी आज से मदरसा बोर्ड का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। अब सभी मदरसे और अन्य अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अधीन होंगे। यही प्राधिकरण मान्यता देगा, पाठ्यक्रम तय करेगा, शैक्षणिक गुणवत्ता की निगरानी करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि सभी संस्थान राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करें।
सिर्फ मदरसे नहीं, सभी अल्पसंख्यक संस्थान आए दायरे में
नई व्यवस्था केवल मदरसों तक सीमित नहीं है। मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध और पारसी समुदायों द्वारा संचालित अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान भी अब इसी प्राधिकरण के अधीन होंगे। सरकार का कहना है कि अब सभी के लिए एक समान नियम और एक समान व्यवस्था लागू होगी।
मुख्यधारा की शिक्षा से जुड़ेंगे छात्र
नई व्यवस्था के तहत आधुनिक शिक्षा, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और अन्य विषयों पर विशेष जोर रहेगा। सरकार का उद्देश्य धार्मिक शिक्षा को समाप्त करना नहीं, बल्कि उसके साथ आधुनिक शिक्षा को जोड़कर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मान्यता और निगरानी होगी सख्त
अब मदरसों को निर्धारित मानकों के अनुसार मान्यता लेनी होगी। समय-समय पर निरीक्षण होगा और नियमों का पालन अनिवार्य रहेगा। अनियमितता मिलने पर कार्रवाई का भी प्रावधान रहेगा।
राज्य के लगभग 452 पंजीकृत मदरसे और उनमें अध्ययनरत हजारों छात्र अब नई व्यवस्था का हिस्सा बनेंगे। सरकार का कहना है कि इससे छात्रों को राज्य की मुख्यधारा की शिक्षा व्यवस्था से बेहतर जुड़ाव मिलेगा और उनके प्रमाणपत्रों की उपयोगिता भी बढ़ेगी।
धामी सरकार के लिए क्यों अहम है यह फैसला?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समान नागरिक संहिता (UCC), धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून, दंगारोधी सख्त कार्रवाई और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जैसे कई बड़े फैसले लिए हैं। मदरसा बोर्ड को समाप्त कर नई अल्पसंख्यक शिक्षा व्यवस्था लागू करना भी उन्हीं बड़े निर्णयों की श्रृंखला का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में समानता और पारदर्शिता की बात करती रही है। ऐसे में 1 जुलाई यानी आज से इस फैसले का पूरी तरह लागू होना आगामी चुनावों में भी सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि के रूप में पेश किया जा सकता है।
धामी सरकार का संदेश
धामी सरकार का कहना है कि यह फैसला किसी समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि हर बच्चे को समान अवसर, आधुनिक शिक्षा और बेहतर भविष्य देने के उद्देश्य से लिया गया है। सरकार का दावा है कि नई व्यवस्था से अल्पसंख्यक समाज के विद्यार्थियों को भी वही शैक्षणिक अवसर मिलेंगे जो राज्य के अन्य विद्यार्थियों को उपलब्ध हैं।
कुल मिलाकर
1 जुलाई 2026 यानि आज उत्तराखंड के शिक्षा इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है। आज से मदरसा बोर्ड इतिहास बन गया है और राज्य में उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की नई व्यवस्था लागू हो गई है। शिक्षा सुधार के साथ-साथ इस फैसले ने राजनीतिक रूप से भी नई चर्चा को जन्म दिया है। आने वाले समय में यह देखना भी दिलचस्प होगा कि यह बदलाव शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति पर कितना प्रभाव डालता है
