11 May 2026

रेलवे संपत्ति पर हाथ डालने वालों पर शिकंजा, RPF ने दो अभियुक्तों को भेजा जेल

0

 

 

रेलवे संपत्ति पर हाथ डालने वालों पर शिकंजा, RPF ने दो अभियुक्तों को भेजा जेल

 

 

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट देहरादून द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 10 मई 2026 को निरीक्षक पंकज कुमार के कुशल नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने रेलवे कोचों के अंडर फ्रेम से कॉपर वायर चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शुभम अरोड़ा एवं रितिक कुमार के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त लंबे समय से रेलवे को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पहले भी रेलवे से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं और आदतन अपराधी हैं।

RPF अधिकारियों के अनुसार यह एक सक्रिय गैंग है, जो रेलवे कोचों के अंडर फ्रेम में लगी कॉपर वायर को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की इन घटनाओं से रेलवे संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच रहा था।

गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) देहरादून की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार देहरादून भेज दिया गया।

बताया गया कि इसी गैंग के दो अन्य सदस्यों को भी RPF देहरादून द्वारा 28 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें भी न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेजा गया था। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से इस चोरी गैंग की कमर टूटती नजर आ रही है।

RPF के अनुसार गिरफ्तार सभी अभियुक्त नशे के आदी हैं तथा सिविल थाना क्षेत्रों में भी इनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। रेलवे सुरक्षा बल ने साफ किया है कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed