फास्ट ट्रैक कोर्ट से पेपर लीक माफिया पर लगेगी लगाम, परीक्षाओं में बढ़ेगा विश्वास : मुख्यमंत्री धामी
फास्ट ट्रैक कोर्ट से पेपर लीक माफिया पर लगेगी लगाम, परीक्षाओं में बढ़ेगा विश्वास : मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक के मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का निर्णय करोड़ों छात्रों के भविष्य की रक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय से पेपर लीक जैसे संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा, दोषियों को कठोर दंड मिलेगा तथा परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होगी। इससे छात्रों का यह विश्वास भी बढ़ेगा कि उनकी मेहनत और प्रतिभा के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उठाए गए इस निर्णायक कदम के लिए प्रधानमंत्री का उत्तराखंड की ओर से आभार एवं अभिनंदन किया।
