भाजपा में विधायक-मंत्रियों के प्रदर्शन की होगी परीक्षा, प्रदीप बत्रा का टिकट भी चर्चा में
भाजपा में विधायक-मंत्रियों के प्रदर्शन की होगी परीक्षा, प्रदीप बत्रा का टिकट भी चर्चा में

उत्तराखंड में भाजपा तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ चुनावी तैयारियों को धार देने में जुट गई है। चुनाव कार्यालय के आगाज से लेकर सरकार के रिपोर्ट कार्ड तक, पार्टी चुनावी मैदान में अपनी उपलब्धियों और रणनीति को जनता के सामने रखने लगी है। लेकिन आगामी चुनाव में भाजपा की रणनीति सिर्फ सरकार के कामकाज तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि टिकट वितरण में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।
राजनीतिक सूत्रों की मानें तो भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में विधायकों और मंत्रियों के प्रदर्शन, क्षेत्र में उनकी सक्रियता तथा जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता को टिकट का प्रमुख आधार बना सकती है। पार्टी का लक्ष्य सत्ता में वापसी के साथ ऐसे प्रत्याशियों को मैदान में उतारना है, जो जनता की उम्मीदों पर खरे उतरें और चुनावी जीत सुनिश्चित करने की क्षमता रखते हों। ऐसे में कमजोर जनसंपर्क और क्षेत्र में कम सक्रियता वाले नेताओं के टिकट पर कैंची चल सकती है, फिर चाहे वे विधायक हों या मंत्री।
इसी राजनीतिक चर्चा के बीच रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का नाम भी सामने आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में उनकी सीमित मौजूदगी और जनता के बीच कम दिखाई देने को लेकर नाराजगी की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि उनका अधिक समय देहरादून अथवा अन्य स्थानों पर बीतने की धारणा स्थानीय स्तर पर असंतोष का कारण बन रही है।
धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर प्रदीप बत्रा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली, लेकिन क्षेत्र में लगातार सक्रियता ना होने और जनता से संवाद को लेकर उठ रही चर्चाएं उनके राजनीतिक भविष्य पर सवाल खड़े कर रही हैं।
सूत्रों का दावा है कि भाजपा चुनावी जीत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टिकट वितरण में कड़े फैसले ले सकती है। ऐसे में प्रदीप बत्रा का टिकट भी कट सकता है, इसको लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी टिकट को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है।
